Nagda(mpnews24)। नागदा समीपस्थ ग्राम बनबना में संस्कृत भारती उज्जैन जिले के कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक मंगलवार को बनबना में सम्पन्न हुई। बैठक में संस्कृत भारती मालवा के प्रान्त सहमंत्री डॉ. हेमन्त शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संस्कृत के प्रति अभिरूचि बढ़ाने हेतु नवसत्र 2021 से विद्यालयो में छात्र-छात्राओं के मध्य संस्कृत की आज आवश्यकता क्यों है, इस विषय पर सेमिनार लगाकर यह सिद्ध करने का प्रयास करें कि जन-जन की भाषा है संस्कृत, संस्कृत हमारी मातृभाषा है। हम सभी बोलचाल में 70 से 80 प्रतिशत तक संस्कृत के शब्द के प्रयोग करते है। इस बात का ज्ञान नहीं होने से लोगो का ध्यान नहीं जाता है।
इसी क्रम में उज्जैन विभाग संयोजक स्वामी रामस्वरूप ने कहा कि सबके लिये संस्कृत और सब जगह संस्कृत। इस उद्देश्य को लेकर शीघ्र ही उज्जैन जिले के विकासखण्डो में संस्कृत भाषा को जन-जन से जोड़ने के लिये संस्कृत भारती के तत्वावधान में विकासखण्ड संस्कृत सम्मेलन आयोजन होंगे।बैठक की अध्यक्षता कर रहे डॉ. पं. लक्ष्मीनारायण सत्यार्थी ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है। संस्कृत पूर्ण विकसित और विज्ञान सम्मत भाषा है। इसके बोलने से शरीर और मन स्वस्थ रहता है। संस्कृत भाषा से ही सभी भारतीय भाषाओं का सुदृढ़ीकरण हो सकेगा। बैठक के आरंभ में कु. मानसी ने ध्येय मंत्र का पाठ किया। अतिथि परिचय दीपांशी ने दिया। बैठक समाप्ति पर प्रथम उपाध्याय में शान्तिपाठ किया। बैठक की जानकारी खाचरौद विकासखण्ड सम्पर्क प्रमुख गिरधारीलाल उपाध्याय ने दी।
Post a Comment