Articles by "nagda"
nagda news



Nagda(mpnews24)।  शहर के एक मात्र तालाब बनबना में एक बार फिर एक परिवार के कुल का चिराग बुझ गया। बुधवार शाम को तालाब में डुबने से दो चचरे भाई की मौत हो गई। घटना की खबर सोश्यल मिडिया पर फैलते ही संजय नगर क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।

मिली जानकारी के अनुसार बनबना तालाब पर शाम 5 बजे तीन भाई ललीत पिता राजेश मीणा, उम्र 17 वर्ष, छोटा भाई राजकुमार उम्र 12 वर्ष दोनों निवासी संजय नगर नागदा व चचेरा भाई कुणाल पिता दिलीप मीणा उम्र 10 वर्ष निवासी बालकृष्ण कॉलोनी विजयनगर इन्दौर नहाने गए थे। नहाते समय दो भाई ललीत व कुणाल डूब गए।

छोटे भाई राजकुमार के मुताबिक तीनों भाई पहले एक बार तो तालाब में नहा कर बाहर आ गए थे, लेकिन शाम 6 बजे कुणाल तालाब में पुनः नहाने गया, इस दौरान वह डुबने लगा तो ललीत उसे बचाने गया, लेकिन वह भी बाहर नहीं आ सका। दोनों भाई को डुबता देख राजकुमार अपने मोहल्ले में भाग कर गया और वहॉं से अपने परिजनों व मोहल्लेवासियों को बुलाकर लाया। परिजनों ने रस्सी की सहायता से शाम 7 बजे दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले व शासकीय अस्पताल लेकर पहुॅंचे। बताया जा रहा है कि कुणाल कुछ दिन पूर्व ही अपने मामा राजेश मीणा के यहॉं नागदा में आया था। गौरतलब है कि गत महिने नागदा में हुए एक युवती के अपहरण में नागदा पुलिस ने इन्दौर की एक महिला के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया था, महिला का मायका नागदा में ही है। महिला जेल में थी जिसके चलते उसका बेटा अपने मामा के यहॉं था। कुणाल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।

गौरतलब है कि वर्ष 2012 में भी बनबना तालाब में एक साथ चार बच्चों की डुबने से मौत हो गई थी। 



NAgda(mpnews24)।  पति-पत्नि के विवाद में पुलिस द्वारा पति के साथ मारपीट करने के मामले को लेकर बुधवार को बिरलाग्राम थाने में भाजपा नेता व प्रभारी अधिकारी के बीच झुमाझटकी हो गई। पति के पक्ष में पुलिस थाने पहुंचे भाजपा नेताओं ने थाना प्रभारी हेमंतसिंह जादौन के खिलाफ पहले तो नारेबाजी की बाद में जब थाना प्रभारी बातचीत करने पहुंचे तो उस दौरान भाजपा नेता रविन्द्र यादव व थाना प्रभारी जादौन के बीच विवाद हो गया। आंदोलन कर रहे लोगों से जब थाना प्रभारी जादौन ने कहा कि पति द्वारा पत्नि के साथ मारपीट की जा रही थी, इस पर भाजपा नेता ने जादौन से कहा कि आप झुठे है झुठ बोल रहे है ओर जोर-जोर से चिल्लाने लग गए। नौबत यहां तक आ गई कि यादव ने थाना प्रभारी पर हाथ उठाने का प्रयास किया। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी ने यादव को पकडकर थाने ले गए। हांलाकि बाद में मंडी थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा मौके पर पहुंचे ओर मामला शांत हो गया। इस घटना के विरोध में भाजपा नेता व मेहतवास क्षेत्र के लोगों ने लगभग आंधे घ्ंाटे तक बिरलाग्राम के मुख्य मार्ग पर जक्काजाम किया और थाना परिसर में धरना भी दिया।

यह है मामला
मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरलाग्राम के मेहतवास क्षेत्र से एक महिला विगत 10-15 दिन से लापता थी जिसकी गुमशुदगी उसके पति द्वारा पुलिस थाने में की गई थी। बताया जा रहा है कि महिला अपने प्रेमी के साथ गई थी। दो दिन पूर्व महिला अपने पति के घर लौट आई। इस दौरान पति-पत्नि के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद महिला शिकायत लेकर नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गई, सीएसपी ने मामला बिरलाग्राम थाने के सुपुर्द किया। पुलिस ने महिला व उसके पति एवं व जिसके साथ गई थी उन तीनों को थाने पर बुलाया। मेहतवास क्षेत्र के रहवासियों का कहना है कि पुलिस ने महिला के पति के साथ मारपीट की ओर बतमिजी भी की ओर इस बात को लेकर वह लोग थाना प्रभारी से बात करने के लिए गए थे लेकिन पुलिस ने उन लोगों के साथ भी बतमिजी की जिससे नाराज होकर उनको आंदोलन करना पड़ा।  विवाद के दौरान भाजपा नेता जितेंद्र दुबे, गोलु यादव पंकज माखरिया, अभा क्षत्रिय महासभा के भेरुसिंह चौहान, हेमतला चौहान आदि भी पहुॅंच गए थे। घटनाक्रम के दौरान ही गोलू यादव ने भी नारेबाजी करते हुए बिरलाग्राम थाने में पदस्थ अधिकारियों को हटाने तक की मांग की तथा नारेबाजी भी की।



Nagda(mpnews24)।  श्रावण मास में सिविल हॉस्पिटल के पीछे स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर 4 अगस्त से पावन प्रज्ञा पुराण कथा का आरंभ किया गया, कथा आगामी 8 अगस्त तक विधिवत चलेगी।

गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधियों द्वारा की जा रही पावन प्रज्ञा पुराण कथा में बुधवार को मानव जीवन के उत्थान, जीवन परिष्कार एवं एवं आत्म कल्याण विषयों पर प्रकाश डाला गया। शांतिकुंज हरिद्वार गायत्री तीर्थ से आई हुई टोली के नायक रामस्वरूपजी द्वारा पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित 19वां पुराण पावन प्रज्ञा पुराण का वाचन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न कॉलोनी के अनेक परिजन सम्मिलित होकर अपने जीवन को कृतार्थ करते हुए कथा का पूर्ण लाभ अर्जित कर रहे हैं।

सभी संस्कार नियमित रूप से गायत्री शक्तिपीठ पर संपन्न होंगे वैदिक महत्ता पर भी प्रकाश डाला जावेगा। गायत्री शक्तिपीठ परिभ्रजक भगवान दासजी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन 9 बजे विभिन्न संस्कार, गुरु दीक्षा विद्यारंभ संस्कार, जन्मदिन संस्कार, अन्नप्राशन संस्कार, मुंडन संस्कार, सिखाई स्थापना संस्कार संपन्न किए जाएंगे। बुधवार को बताया गया कि संस्कार मानव जीवन से कहीं ना कहीं दूर होते चले जा रहे हैं ऐसे विषम समय में भारतीय संस्कृति के उन्नयन करने के लिए और संस्कारों को जीवंत जागृत करने के लिए संस्कार आवश्यक है। समाज में वैचारिक क्रांति की आज महती आवश्यकता है। इसी बात को जन-जन तक पहुॅंचाने हेतु उक्त आयोजन किया जा रहा है।



Nagda(mpnews24)।  शासकीय महाविद्यालय के पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष नरेंद्र गुर्जर ने बताया कि विक्रम विश्व विद्यालय द्वारा बी.कॉम, बी.ए, बी.एस.सी. फाइनल ईयर का रिजल्ट घोषित किया गया है उसमें विद्यार्थीयों के भविष्य के साथ खिलवाड किया गया है तथा कई विद्यार्थीयों को या तो नम्बर ही नहीं दिए गए या फिर अनुपस्थित दिखा दिया गया है। ऐसे में विद्यार्थीयों का भविष्य खराब हो सकता है।

गुर्जर ने बताया कि कोरोना काल के कारण ओपन बुक परीक्षाएं संचालित की गई थी, जिसमें अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित होने की संभावना ही नहीं थी। लेकिन जब इन कक्षाओं का परीक्षा परिणाम आया तो यह देखने में आया है कि 30 प्रतिशत विद्यार्थियों को या तो रिजल्ट में अनुपस्थित कर दिया गया है या उनकी परीक्षा कॉपी के नंबर ही नहीं चढ़े हैं। ऐसा इसलिए हुआ है कि विश्व विद्यालय को 31 तारीख के पहले परीक्षा परिणाम घोषित करने थे, जिसके चलते आनन-फानन में उन्होंने अधूरा रिजल्ट ही घोषित कर दिया जिसका खामियाजा विद्यार्थीयों को भुगतना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को उज्जैन यूनिवर्सिटी के चक्कर लगाना पड रहे हैं।

गुर्जर ने कहा कि इन सब समस्याओं को लेकर उनके द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य से चर्चा की गई और निर्णय लिया गया है कि जिस भी विद्यार्थियों के रिजल्ट में त्रुटी पाई गई है उन सब विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम की कॉपी दो दिवस तक कॉलेज में जमा की जाएगी उसके बाद कालेज द्वारा विश्व विद्यालय भेजकर उनके रिजल्ट को सही कराया जाएगा। प्राचार्य द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि जिस भी विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में त्रुटी है वह उसकी छायाप्रति कॉलेज में दो दिन के अन्दर जमा करवाएं जिससे कि उसमें संशोधन करवाया जा सके।

बॉक्स
अभाविप करती है सिर्फ नोटंकी और दिखावा

पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष गुर्जर ने बताया कि विधायक दिलीपसिंह गुर्जर के सहयोग से कॉलेज में कई सालों बाद काफी मेहनत एवं 4 लाख की लागत से रंग-रोगन करवाया गय था। जब कॉलेज में पुताई हुई उसके बाद निर्णय लिया गया था कि कॉलेज परिसर में और कॉलेज की दीवारों पर किसी भी प्रकार के पोस्टर नहीं चिपकाए जाएंगे, जिससे कई सालों बाद हुआ कलर खराब ना हो लेकिन एबीवीपी द्वारा अपनी वाह-वाही के चक्कर में कॉलेज प्रबंधन पर दबाव बनाकर वैक्सीनेशन के दौरान क्लासरूम में पोस्टर चिपका दिया गया जिसका विरोध एनएसयूआई ने करा था क्योंकि पोस्टर चिपकाने से दीवार का कलर खराब  होना था। लेकिन एबीवीपी को कॉलेज परिसर को स्वच्छ रखने की चिंता नहीं थी उन्हें अपनी छवि चमकाने के लिए वैक्सीनेशन केम्प के दौरान दिवालों पर बैनर आदि लगा दिया तथा बाद में गंदगी करके चले गए तथा उन्हें पुनः रंग भी नहीं करवाया। 10 दिन बीत जाने के बाद भी दीवार वैसी ही है कोई सुध लेने नही आया। गुर्जर ने कहा कि अब एनएसयूआई इस दिवाल को पुनः रंग-रोगन अपने व्यय से करवाऐगी जिससे की कॉलेज परिसर स्वच्छ एवं सुंदर बना रहे।



Nagda(mpnews24)।  चातुर्मास के दौरान प.पू. चन्द्रयशविजयजी एवं जिनभद्रविजयजी ने धर्मसभा में बताया कि उत्तरायन सूत्र मे भगवान महावीर बताते है कि मानव की आत्मा निर्वाण और निगोध दो जगह अधिक समय तक रह सकती। मानव भव से निगोध और निर्वाण दोनों प्राप्त कर सकते है। जो आत्मा धर्मकार्य करती है वह निर्वाण प्राप्त कर मोक्ष प्राप्त करती है। निगोध के अन्दर आत्मा का जन्म स्थायी होता है। उपर सिद्धशिला है बीच में निगोध है और नीचे नरक है। 14 राजलोक के अन्दर निगोध जीव है। जिसने प्रमाद को नही किया, जीवन को जीत लिया। संयम और नियम के आगे का शब्द हटा दिया जाय तो यम हो जाता है। इंसान वही महान है जिससे सब प्रेरणा लेते है। बाकी लोग बड़ा दिखाने का ढोंग करते है। मानव जीवन जैसे पेड़ खजूर, चड़े तो रसपान, गिरे तो चकनाचूर। जीवन मे धर्म करने की इच्छा बहुत है पर अनुकूलता नही है। तो ऐसे लोगो को फिर से मानव जन्म मिल जायेगा। लेकिन जिसके जीवन में अनुकूलता है वह धर्म की जगह पाप करता है उसे मानव जीवन नही मिलता है। मानव का जीवन  जीवित रहते भी सुख देता है और बाद मे भी सुख देने वाला है। अध्यात्म के माध्यम से मानव जीवन- जन्मो जन्मो का सुख का खजाना है। जीव मात्र के प्रति मेत्री भाव नही है तो भी आपके आत्म उद्धार के प्रयास कभी सफल नही होंगे।

भगवान महावीर कहते है कि एक भी व्यक्ति के प्रति मेत्री भाव नही होने पर हमे मुक्ति प्राप्त नही करने देता है। भगवान कहते है जो मानव जीवन की गरिमा नही जानता है वह क्षम्य है। लेकिन मानव जीवन की गरिमा को जानने के बावजूद पापाचार एवं व्यर्थ कार्यों मे व्यर्थ करता है वह क्षमा योग्य नही है।

इस चातुर्मासिक धर्म, ज्ञान, प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिदिन सैकड़ो व्यक्ति लाभ ले रहे है इस अवसर पर श्रीसंघ एवं आत्मोद्धारक चातुर्मास समिति के समस्त प्रमुख पदाधिकारी एवं सिद्धीतप के 101 तपस्वी उपस्थित थे।

बॉक्स
बचपन से पचपण तक एक साम्राज्य कर्माे का खेला-साध्वीश्री

वर्षावास में महासति पुण्यशिलाजी ने कहा कि बचपन से लगातार पचपण तक एक ही साम्राज्य चलता है कर्माे का खेला। हमने जीवन काल में जो भी कर्म किये है उनको भुगतना तो पड़ेगा लेकिन कब ? कोई नहीं जानता है। हर मानव की बस एक ही इच्छा होती है भगवान मुझे दुःख से मुक्त करे लेकिन इसके लिये सर्वप्रथम आपको कर्माे से मुक्त होना पड़ेगा। सुख के चक्कर में पाप कर बैठता है लेकिन दुःख के सिवाय कुछ नहीं मिलता। साध्वी नेहप्रभाजी ने कहा कि धर्म पालन करने वाले को धन की आवश्यकता नहीं पड़ती इससे संभावित सुख प्राप्त होता है।

चातुर्मास के मीडिया प्रभारी महेन्द्र कांठेड़ एवं नितिन बुड़ावनवाला ने बताया कि तपस्या के अनतर्गत 7 उपवास निधि पितलिया, 4 उपवास सोनाली नितिन बुडावनवाला, 4 उपवास सरिता रामसना के चल रहे है। 5 एवं 6 अगस्त दोपहर दो बजे महिला शिविर में विशेष प्रशिक्षण में विषय ‘‘वाह रे ट्वन्टी वन सेन्चुरी, विनय विवेक बिना जिन्दगी अधुरी‘‘ पर रहेगा। अतिथि सत्कार का लाभ श्रीसंघ अध्यक्ष प्रकाशचन्द्र जैन सांवेरवाला, राजेन्द्रकुमार, नरेन्द्र कुमार, सतीश जैन सांवेरवाला परिवार ने लिया।



नागदा जं. निप्र। नागदा सर्व महिला मंडल द्वारा संगठन की संयोजिका श्रीमती सुनीता गुर्जर (गुड्डी दीदी) के भाई युवा व्यवसायी विरेन्द्रसिंह गुर्जर (गुड्डा भय्या) का आकस्मिक निधन हो जाने पर श्रृद्धांजली हेतु स्थानिय खेडापति हनुमान मंदिर पर पुष्पांजली, पौधारोपण एवं भाव भजनों का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला मंडल की सदस्यों द्वारा दो मिनिट का मौन रखकर पुष्पांजली अर्पित कर भावभरे भजन गाए  तथा स्व. गुड्डा भय्या की स्मृति में पौधे भी लगाऐ।

पुष्पांजली कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह गुर्जर, किराना व्यापारी संघ के संरक्षक मनोज राठी ने भी उपस्थित होकर पुष्पांजली अर्पित की तथा पौधारोपण किया। इस अवसर पर ग्रुप संयोजिका पल्लवी प्रजापति, सुनीता गुर्जर (गुड्डी दीदी) सहित बडी संख्या में संगठन की महिलाऐं उपस्थित थी।



Nagda(mpnews24)।  नेहरू युवा संगठन के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के बारे में युवाओ में जागरूकता फैलाने के लिए राष्ट्रीय वेबनार आयोजित किया गया। ब्लॉक समन्वयक लोकेन्द्र तंवर ने बताया कि नेहरू युवा संगठन के माध्यम से नगर व ग्रामीण युवाओ को भी इस वेबनार में वर्चुअल रूप से शामिल किया गया जिससे वे नई शिक्षा नीति को जान व समझ सके तथा अपने सुझाव भी सरकार तक पहुंचा सके। वेबनार के मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर रहे।

वेबिनार में सहभागियो को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति, भारतीय ईतिहास में पहली ऐसी नीति है, जिसमें बहु-आयामी और बहु-हितधारक सलाह प्रक्रिया को अपनाया गया। जिसमें ऑनलाइन,जमीनी स्तर और राष्ट्रीय स्तर की चर्चा-परिचर्चा शामिल है।यह नीति छात्रों के समग्र विकास के लिए स्कूल और उच्चशिक्षा में कई क्रांतिकारी बदलावों का सुझाव देती है। मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक आत्मनिर्भर भारत बनाने की परिकल्पना को पूरा करेगी।

खेल मंत्री ने बताया कि इस नीति में राज्य सरकारों को अपने मीडिल और हाई स्कूलो में एनसीसी विंग शुरू करने का भी प्रावधान है।उन्होने कहां कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत छात्रों को विषयों के चुनाव में बहुत ज्यादा छूट और विकल्प मिलेगे। इसमें कला और विज्ञान,पाठयक्रम और खेल जैसी  एक्सट्रा-कैरिकुलर  और पेशेवर वोकेशनल  और शैक्षणिक धाराओं के बीच कोई सख्त विभाजन नहीं होगा।



Nagda(mpnews24)।  लायंस ऑफ़ नागदा की स्थाई परियोजना और देश की सर्वश्रेष्ठ संस्था के सम्मान से सम्मानित संस्था स्नेह को लायंस बहुप्रांत 3233 की कौशल प्रशिक्षण की उत्कृष्ट संस्था एवं लायंस क्लब नागदा ग्रेटर के पूर्व अध्यक्ष एवं स्नेह संस्थापक पंकज मारू को बहुप्रान्त के उत्कृष्ट एलसीआईएफ कोऑर्डिनेटर से सम्मानित किया गया है।

लायंस क्लब नागदा ग्रेटर के अध्यक्ष कृष्णकांत गुप्ता ने बताया कि लायंस बहु प्रांत 3233 का विस्तार मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ में है जिसमे 500 से अधिक लायंस क्लब कार्यरत है। वर्ष 20-21 के बहु प्रान्तपाल लायन अविनाश शर्मा द्वारा बहुप्रांत के पुरुस्कारों की घोषणा की गयी जिसमे स्नेह द्वारा दिव्यांग बच्चो को दीपक, राखी, कंप्यूटर, सिलाई आदि का कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम चला कर उन्हें आत्म निर्भर बनाने की दिशा में आगे बढाने  हेतु तीनो राज्यों में वोकेशनल ट्रेनिंग के सर्वश्रेष्ठ केंद्र के पुरूस्कार से सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार विगत 6 वर्षों से एलसीआईएफ के प्रांतीय समन्वयक का कार्य देख रहे पंकज मारू को प्रान्त 3233-जी2 में लायंस अंतर्राष्ट्रीय से विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान प्राप्त करवाने हेतु बहुप्रांत के सर्वश्रेष्ठ एलसीआईएफ प्रांतीय समन्वयक के सम्मान से नवाजा गया। लायंस क्लब नागदा ग्रेटर की इस महत्वपूर्ण उपलब्द्धि पर पूर्व प्रांतपाल डॉ. आरके चोरसिया, प्रान्तपाल दिलीप धारीवाल, प्रथम उप प्रान्तपाल डॉ अजय गुप्ता, द्वितीय उप प्रान्तपाल जेपीएस जौहर, टीएस बावेल, श्रीमती अलका विजय, विनय राज शर्मा, निर्मल जैन, अजय गरवाल, राजेश मोहता, झमक राठी, सतीश बजाज, विजय पोरवाल, विरेन्द्र जाजोरिया, डॉ. हिमांशुदत्त पाण्डे, अशोक पोरवाल, अशोक सकलेचा, घनश्याम राठी, राकेश डाबी, श्याम पोरवाल, कमलेश नागदा, ललीत खण्डेलवाल, जमना मालपानी, महेश पंजाबी, टीपी जावरिया, सलीम खान, प्रशांत जायसवाल, सौरभ मोहता, विनोद पोरवाल, शशांक सेठिया, गोविन्द मोहता, हरीश तिवारी, गुलजारीलाल त्रिवेदी, कमलेश जायसवाल, रवि शर्मा, सुनील नरूला आदि ने बधाई प्रेषित की है।



Nagda(mpnews24) -  वर्षावास में महावीर भवन में महासति अनुपमशिलाजी म.सा. ने कहा कि हमारी आत्मा चौरासी लाख जीवायौनियों में परिभ्रमण करने के पश्चात् पुण्योदय एवं शुभकर्मो के उदय से मानव जीवन प्राप्त होता है लेकिन हमको नहीं पता कि हमारी आत्मा कहां से आई है और कहां जायेगी आत्मा अमर है शरीर नश्वर है जो भी दुःख, दर्द, तकलीफ, शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा केवल शरीर सहन करता है। आत्मा अजर अमर है। इस पर कोई प्रभाव नहीं होता है। साध्वी नेहप्रभाजी म.सा. ने कहा कि ईश्वर ने जो मनुष्य भव दिया है इसमें आराधना से तपस्या एवं धार्मिक कार्य कर सकता है।

स्थानकवासी जैन के मीडिया प्रभारी महेन्द्र कांठेड़ एवं नितिन बुडावनवाला ने बताया कि आज दो उपवास करने वाले आराधको का लाभ प्रकाशचन्द्र कमलाबाई लुणावत सांवेरवाला, राजेन्द्रकुमार विजयाबहन जैन, नरेन्द्र कुमार शोभा बहन जैन एवं सतीशकुमार सरोजकुमार जैन द्वारा लिया गया। सामुहिक पारणे में परिवार के निलेश सीमा जैन, वैभव शिख जैन एवं उज्ज्वल जैन सांवेरवाला का विशेष सहयोग रहा।

गुरूदेव के मुखारविंद से मधुबाला निर्मल चपलोत को 14 उपवास की तपस्या के प्रत्याधान करवाये गये एवं 4 अगस्त को दोपहर को मधुबेन की तपस्या के उपलक्ष्य में श्रीमती संपतबाई चपलोत परिवार के ओर से महावीर भवन  में चौबीस का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। तेले तीन उपवास की तपस्या दीक्षीता तरवेचा द्वारा की गई।

4 अगस्त को पूज्य आचार्य श्री उमेशमुनिजी अणु की मासिक पुण्यतिथि की जाप की प्रभावना का लाभ मनोहरलाल कांठैड़ एवं सुरेन्द्र पीतलिया परिवार ने लिया है। अतिथि सत्कार का लाभ प्रकाशचन्द्र राजेन्द्रकुमार नरेन्द्र कुमार एवं सतीश जैन सांवेरवाला परिवार ने लिया। आभार चातुर्मास अध्यक्ष सुनीलकुमार वोरा ने माना।




Nagda(mpnews24) - चातुर्मास के दौरान प.पू. चन्द्रयशविजयजी म.सा. एवं जिनभद्रविजयजी म.सा. की निश्रा में सिद्धी तप के लाभार्थी के साथ 101 तपस्वी मंगलवार प्रातः 7.30 बजे चन्द्रप्रभु मंदिर दर्शन करते हुए अपने दुसरे पारणे करने के लिये गोपाल गौशाला पर पहुंचे।

तत्पश्चात मुनिवर ने धर्मसभा में कहा कि केंसर की गठान एक जन्म को ही मारती है जबकि कषाय की गठान जन्मों जन्म तक मारती है। द्वार पर आये याचक को अपनी यथाशक्ति दान देना चाहिये। जो हमको अच्छा दिखे फिर भी ऐसे याचक को दान अवश्य देना चाहिये। पूर्व जन्म मे नहीं देने के कारण भिखारी बनकर आपके घर वह भीख मांगने आ रहा है पर वह भीख मांगने के साथ सीख भी दे जाता है। एक व्यक्ति ने भिखारी को भीख की जगह ठोकर दी। गरीब ने अपनी दुआ देते हुए कहा कि भगवान आपको दस गुना दे। गरीब का भाव तो सबके प्रति वही है लेकिन देने वाले का भाव बदला तो उसको बद्दुआ लगी। पानी के समान खींची गयी रेखा के समान क्रोध रुपी कषाय होता है, जो आकर तुरन्त समाप्त हो जाता है। दूसरे नम्बर का कषाय रेत के अन्दर खींची गयी रेखा के समान जो हवा के साथ उड़ जाती है, मतलब थोड़े समय मे क्रोध समाप्त हो जाता है। तीसरे प्रकार का कषाय कीचड़ के अन्दर देर तक रहने वाली रेखा के समान जो थोड़े ंज्यादा समय टिकने वाला होता है। लेकिन चौथे नम्बर का कषाय आर. सी. सी. के अन्दर खींची गई रेखा के समान है जो कभी मिटती नहीं और भव-भव तक इसके दुष्परिणाम भुगतने होते है भगवान कहते है कि ऐसा कषाय कभी रखना नहीं चाहिये। कषाय की प्रवृति अल्प समय की होना चाहिये।


मुनिराज ने आगे कहा कि लम्बे समय के क्रोध एवं बैर से सर्प योनि प्राप्त होती है और हम इस जीवन को भवसागर पार करने के लिये आये है न कि त्रियन्च योनी या नर्क मे जाने के लिये। तपस्या जो करता है उसे ही लाभ मिलता है। पति तपस्या के दौरान पत्नि सेवा करता है तो भी तपस्या का लाभ पत्नी को ही मिलता है, पति को नही। सामायिक, रात्रि भोजन त्याग, तपस्या, पूजा जैसे कार्य इस जीवन मे हीरा खरीदने के समान है लेकिन हम चाट खरीदने के समान कार्यो को करने, खाने पीने, आमोद प्रमोद में अपना हीरे जैसा जीवन व्यर्थ करते है।

मुनि जिनभद्रविजयजी म.सा. ने कहा कि कोई द्रोणाचार्य हमारी योग्यता निर्धारित नहीं कर सकता, एकलव्य स्वयं के पोरूषार्थ से पारंगत हुआ। द्रोणाचार्य के आदेश पर अर्जुन तीर चलाता, उसके पहले ही कुत्ते का तीर से मुँह बन्द कर दिया। अर्जुन गुरु पर किसी अन्य को विद्या देने की शंका कर रहे थे इतने में एकलव्य ने आकर बताया कि उसने स्वयं द्रोणाचार्य की मूर्ति बताकर तीर की विद्या सीखी और दुर लेजाकर मुर्ति बताई। अर्जुन के प्रभाव मे अंगूठा मांगने के बाद गुरु से निष्ठा में बिना अंगूठे स़े तीर चलाने मे पारंगत हुए। दान रूचि अल्प कषाय और मध्यम गुण यह तीन गुण मनुष्य को उच्चता पर पहुंचाने के लिये है। भगवान कहते है कि आपका सम्पूर्ण जीवन चिन्तामणी रत्न के समान है जिसे पत्थर के रुप में पक्षी के को भगाने के लिये उपयोग कर व्यर्थ मे नही गंवाये।

आचार्य श्री ऋषभचन्द्रसुरिश्वरजी म.सा. की द्वितीय मासिक पुण्योत्सव मनाया गया-
मोहनखेड़ा तीर्थ के विकास प्रेरक गच्छाधिपति प.पू. ऋषभचन्द्रसुरीश्वरजी म.सा. की द्वितीय मासिक पुण्योत्सव लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित पार्श्व प्रधान पाठशाला में मनाई गई। इस अवसर पर सर्वप्रथम गुणानुवाद का आयोजन किया गया। इसके पश्चात् आचार्यश्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं वासक्षेप द्वारा पूजन किया गया तथा दोपहर 2 बजे नवकार महामंत्र के जाप व सामुहिक सामयिक का आयोजन विशाल जनमैदिनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर गोपाल गौशाला में आयोजित बियासने का लाभ श्रीमान् प्रकाशचन्द्रजी हस्तीमलजी कोठारी परिवार एवं सायंकाल के बियासने का लाभ श्रीमान् केसरीमलजी जितेन्द्रजी तरवेचा परिवार ने लिया।

इस मौके पर श्रीसंघ अध्यक्ष हेमन्तजी कांकरिया, सचिव मनीष सालेचा व्होरा, चातुर्मास समिति अध्यक्ष रितेश नागदा, सचिव राजेश गेलड़ा, संघ कोषाध्यक्ष हर्षित नागदा, समिति उपाध्यक्ष सोनव वागरेचा, ललित बोहरा, समिति कोषाध्यक्ष निलेश चौधरी, भंवरलाल बोहरा, राजमलजी ओरा, सुनील कोठारी, राजेन्द्र कोचर, अभय चोपडा, सुनील वागरेचा, सुनील कांकरिया, संजय वागरेचा, कमलेश नागदा, ऋषभ नागदा, अभय बोहरा, मुकेश बोहरा, मनोज वागरेचा, अंकित ओरा, राकेश ओरा(प्रेमभाव), पुखराज ओरा, भूपेन्द्र गेलड़ा, निलेश हिंगड, प्रदीप शाह सहित श्रीसंघ एवं चातुर्मास समिति सदस्य उपस्थित थे।



Nagda(mpnews24) - राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना की 123वीं संगोष्ठी ‘राष्ट्र कवि श्री मैथिलीशरण गुप्त के जन्मोत्सव पर आभासी संगोष्ठी राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त का काव्य राष्ट्रीय सांस्कृतिक चेतना के परिप्रेक्ष्य में आयोजित होगा।

यह जानकारी राष्ट्रीय महासचिव डॉ. प्रभु चौधरी द्वारा देते हुए बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी के मुख्य अतिथि डॉ. जी.डी. अग्रवाल(इन्दौर) राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा(उज्जैन), संरक्षक एवं कुलानुशासक विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन एवं डॉ. शहाबुद्दीन शेख(पुणे) राष्ट्रीय मुख्य संयोजक, श्री सुरेशचन्द्र शुक्ल(आस्लो नार्वे) साहित्यकार विशेष वक्ता-डॉ. प्रभु चौधरी(राष्ट्रीय महासचिव), डॉ. रश्मि चौबे(महासचिव इकाई महिला) एवं डॉ. सुनीता मंडल(राष्ट्रीय संयोजक कोलकाता), डॉ. मुक्ता कौशिक रायपुर रहेगी। मुख्य वक्ता डॉ. दिग्विजय शर्मा(आगरा) प्राध्यापक केन्द्रीय हिन्दी निदेशालय तथा अध्यक्षता श्री हरेराम वाजपेयी(इन्दौर) अध्यक्ष हिन्दी परिवार एवं मार्गदर्शक, संगोष्ठी आयोजक डॉ. शिवा लोहारिया जयपुर एवं संयोजक डॉ. ममता झा, संचालक पूर्णिमा कौशिक होगी।

संगोष्ठी को सफल बनाने की अपील सुवर्णा जाधव, लता जोशी, सुनीता चौहान, अनिल कुमार ओझा, डॉ. संगीता पाल  आदि ने की है।



Nagda(mpnews24) - मंगलवार को सामाजिक समरसता मंच की बैठक राजेन्द्र कांठेङ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिसमें आगामी कार्यक्रम चुनङी यात्रा पर चर्चा हुई । कार्यकारिणी की सहमति से दिनांक 14 अगस्त 2021 को शासन की गाइड लाइन के अनुसार चम्बल मय्या को चुनडी ओडाने का कार्यक्रम निश्चित किया गया।

बैठक में जिला संयोजक गिरधारीसिंह शेखावत, अशोक शर्मा, गुलजारीलाल त्रिवेदी, दिपक मकवाना, शरद त्रिवेदी, हरचरणसिंह चावला, अशोक गौर, राधेश्यामसिंह शेखावत, प्रेमजी भाटिया, सुरेश शर्मा सत्यनारायण परमार, मोती लाल प्रजापत आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी अशोक शर्मा ने दी।



Nagda(mpnews24)।  फोटोग्राफी के क्षेत्र में देश-विदेश में नागदा का नाम रोशन करने वाले शहर के प्रसिद्ध छायाकार सुरेश पंजाबी के जन्मदिवस पर उन्हे किराना व्यापारी संघ के संरक्षक मनोज राठी, प्रेस क्लब नागदा के सचिव दीपक चौहान, संरक्षक सलीम खान, कोषाध्यक्ष मुकेश जैन सहित अन्य ईष्टमित्रों ने बधाई। श्री पंजाबी को डॉ. चावला मित्र मण्डल के सदस्यों एवं इष्टमित्रों द्वारा बधाई दी गई।



Nagda(mpnews24)।  पवित्र श्रावण मास के दुसरे सोमवार पर पूजा अर्चना के लिए शिवालयों में भक्तों का तांता लगा। बूंदाबांदी के बीच मंदिरों में पहुॅंचे श्रृद्धालुओं ने पूर्ण आस्था भाव के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना की। सावन माह के दुसरे सोमवार को सुबह के समय शिवालयों में श्रृद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। शहर के सभी शिव मंदिरों में स्थापित शिवालयों को भव्य तरीके से सजाया गया था। मंदिरों में पूजा करने के लिए श्रृद्धालुओं की भीड उमडी। इस दौरान कोरोना गाईड लाईन का पालन करते हुए सभी श्रृद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए तथा पूजा की।

चिकित्सालय मार्ग स्थित शिव हनुमान मंदिर, बस स्टेण्ड स्कूल के समीप स्थित श्री शिव मंदिर, चंबल तट स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, खाचरौद नाके पर स्थित मंदिर अम्बेमाता मंदिर, भीकमपुर स्थित प्रसिद्ध प्राचीन वृद्धमहाकालेश्वर मंदिर आदि देवस्थलों पर भक्तों ने पहुॅंच कर भगवान के दर्शन किए एवं जलाभिषेक कर बीलपत्र आदि चढाऐ।



Nagda(mpnews24)।  राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा 121वीं आभासी काव्य गोष्ठी ‘उद्घोष‘ कविता प्रतियोगिता, वर्षा हरियाली, पर्यावरण पर आयोजित की गई। गोष्ठी के मुख्य अतिथि डॉ. हरिसिंह पाल, श्रीमती सुवर्णा जाधव, विशिष्ट अतिथि, डॉ. शहाबुद्दीन शेख, अध्यक्षता हरेराम वाजपेयी ने की। काव्य प्रतियोगिता का शुभारम्भ भुवनरेश्वरी जायसवाल, स्वागत भाषण महासचिव डॉ. प्रभु चौधरी, प्रस्तावना डॉ. रश्मि चौबे ने प्रस्तुत की। समारोह में सुरेशचन्द्र शुक्ल, श्रीमती सुवर्णा जाधव, डॉ. मुक्ता कौशिक, श्री बालासाहेब तोरस्कर, श्रीमती सुनीता गर्ग, लता जोशी, डॉ. सुनीता मंडल, डॉ. शिवा लोहारिया, श्रीमती कुमुद शर्मा, इला जायसवाल, गरिमा गर्ग, उर्वशी उपाध्याय, प्रभा शर्मा, श्रीराम शर्मा, कृष्णा श्रीवास्तव, डॉ. प्रवीणबाला आदि 35 कवि कवियित्री ने काव्य पाठ किया। प्रतियोगिता की निर्णायक डॉ. रश्मि चौबे, श्रीमती लता जोशी एवं डॉ .मुक्ता कौशिक को संयुक्त निर्णयानुसार राष्ट्रीय महासचिव डॉ. प्रभु चौधरी ने किया। जिसमें प्रथम श्रीमती कुमुद शर्मा गुवाहाटी, द्वितीय सुनीता गर्ग पंचकुला एवं तृतीय श्रीमती भुवनेश्वरी जायसवाल कोरबा छग के नामो की घोषणा की गइ्र। काव्य गोष्ठी में अतिथियो ने संबोधित किया। गोष्ठी का संचालन प्रदेशाध्यक्ष छत्तीसगढ श्रीमती पूर्णिमा कौशिक ने एवं आभार डॉ. रश्मि चौबे ने माना।



Nagda(mpnews24)।  रविवार को हिन्दी प्रचार सेवा समिति के अध्यक्ष, शिक्षाविद डॉ. पं. लक्ष्मीनारायण सत्यार्थी का जन्मदिवस मंत्रणा साहित्यिक संस्था के फलक तले कल्याण मण्डप सी-ब्लॉक बिरलाग्राम के सभागृह में राजेन्द्र कांठेड़ की अध्यक्षता में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामअवतार शर्मा व विशेष अतिथि कैलाश सनोलिया व अभिभाषक रमेशचन्द्र चन्देल थे। कार्यक्रम में राजेश रंगीला, देवसिंह गुर्जर (टुटियाखेडी), कुंजमोहन, सुन्दरलाल उपाध्याय कोकिल, अरविन्द पाठक, मदन मस्ताना, सुन्दरलाल जोशी ‘सूरज‘, रामअवतार शर्मा, कैलाश सनोलिया, रमेशचन्द्र चन्देल, राजेन्द्र कांठेड़ सभी कवियों ने समसामयिक विषयों पर गीत कविताओं की प्रस्तुती दी। सरस्वती वंदना की प्रस्तुती मदन मस्ताना द्वारा की गई। पश्चात् डॉ. पं. सत्यार्थी का स्वागत कवि मित्रो, अन्य पधारे अतिथियों व परिजनों ने वस्त्रभेंट, चांदी का सिक्का, चलित दूरभाष, कलम, पुष्पगुच्छ आदि भेंट कर शुभकामनाऐं प्रेषित की। अतिथियों का स्वागत हर्षदीप कड़लुआ, दीपक शाक्य, देवेन्द्र पाण्डे, राजुभाई, मनीष शर्मा(सांवेर), आशीष रोहन, संजय शर्मा उज्जैन, ओमप्रकाश, विनोद शर्मा, उमेश शर्मा ने किया। आभार देवेन्द्र पाण्डे ने माना शान्तिपाठ, अल्पाहार के साथ कवि संगोष्ठी सम्पन्न हुई। जानकारी हर्षदीप कडलुआ ने दी।



Nagda(mpnews24)।  नगर पालिका द्वारा जल आवर्धन योजना के अन्तर्गत वार्ड नं. 13 महिदपुर मार्ग बैंक आफ बडौदा के पास नवीन नल पाईप लाईन बिछाई गई जो कि दो वर्ष बीत जाने के बाद भी नपा द्वारा प्रारंभ नहीं की गई। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों ने पूर्व में एसडीएम, जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया था।

ज्ञापन में बताया कि सड़क निर्माण के समय पुराने नल कनेक्शन भी टूट चुके है जिसके कारण वहां के निवासियों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नपा भी पेयजल की व्यवस्था करने में नाकाम हो रही है। इस समस्या को लेकर राष्ट्रीय एकता मंच का प्रतिनिधि मंडल सोमवार को सीएमओ भविष्य कुमार खोब्रागडे से मिला। सीएमओ ने समस्या के समाधान हेतु एक सप्ताह का समय दिया गया।
उक्त समस्या का समाधान नहीं होने पर क्षेत्रवासियों की मूलभूत सुविधाओं के लिये राष्ट्रीय एकता मंच चरणबद्ध आंदोलन करेगा। इस मौके पर मंच के अध्यक्ष विजयसिंह सिसोदिया, सचिव अशोक राठौर, संयोजक बाबुलाल सैनी, परामर्शदाता भेरूलाल पांचाल, सदस्य रमेश पोरवाल, जमनालाल पांचाल, कमलसिंह पंवार, भारतसिंह सिसोदिया, रणजीतसिंह राणावत, जोधसिंह राणावत, गणेश उपाध्याय, मनोहरसिंह देवडा, अशोक नामदेव, अंकित सैनी, पंकज आदि वार्डवासी उपस्थित थे।



Nagda(mpnews24)।  आदित्य बिरला हायर सेकेण्डरी स्कूल के शिक्षक अनिलकुमार शुक्ला का नागदा में 39 वर्ष तक सेवा देने के पश्चात गणित व्याख्याता पद से सेवानिवृत्त होने पर अतिथियो ने उन्हें शाल, श्रीफल से स्वागत, सम्मान कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में पूर्व केबिनेट मंत्री मप्र शासन सुल्तानसिंह शेखावत एवं विद्यालय के समस्त सपरिवार शैक्षणिक स्टॉफ डीके शर्मा, नलिन सोरल, वन्दना सोरल, नरेंद्र पाल, धर्मेंद्र गाँधी, वायएस राठौर, पीके चौधरी, जलज भटनागर, एलएन शर्मा, सुधीर जोशी, प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, जितेंद्रसिंह कुशवाह, प्रितमसिंह, गजानन टीकार, अखिलेश मिश्रा, श्रीमती पूनम शुक्ला, अंशुल शुक्ला, आँचल शुक्ला, सौम्य शुक्ला, गर्वितसिंह कुशवाह उपस्थित रहे।

जितेन्द्रसिंह कुशवाह ने बताया कि शुक्ला सर ने विद्यालय में अनुशासन, ईमानदारी व कर्तव्य निष्ठा के साथ अध्यापन के कार्य को संपादित करने के लिए विद्यार्थियों में अपनी अलग पहचान कायम की। शुक्ला सर कार्य के प्रति इतने समर्पित थे कि परिवार से पूर्व हमेशा अपने कार्य कर्तव्य को महत्ता दी। साथ ही उनकी कार्य के प्रति ईमानदारी, निष्ठा, सेवा भाव से अशासकीय सेवा में जो योगदान दिया है वो अमूल्य हैं क्योंकि आज के युग मे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ होना एक बहुत बड़ी बात है और शुक्लाजी उसी की एक मिसाल है। शुक्ला सर की ईमानदारी ओर सरल स्वभाव की मिसाल हर उस व्यक्ति से मिलती है जिसने आपके साथ कार्य किया ओर जो आपको जानता हैं। वे पूरे परिवार एवं समाज के लिए प्रेरणा है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियो एवं नागरिको द्वारा शुक्लाजी को सेवानिवृत्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।



Nagda(mpnews24)।  चातुर्मास में महासति पुण्यशिलाजी ने कहा कि इस दो दिवसीय शिविर में विशेष प्रशिक्षण में गुरू भगवन्तो के अनुसार ‘21वीं सदी विनय विवेक के बिना जिन्दगी अधूरी‘ के आधार पर रहेगा। महासति जी ने मालव केसरी श्री शौभागमलजी के गुणानुवाद सभा में कहा कि पुण्यतिथि उन महापुरूषो की मनाई जाती है जो जगत के जीवो के सामने एक आदर्श छाप छोड़ जाते है जो अपनी साधना एवं धर्म को सम्पूर्ण राष्ट्र में फ ैलाये वही महापुरूष कहलाने का अधिकारी होता है। साध्वी नेहप्रभाजी म.सा. ने कहा कि मनुष्य साधना निर्जरा के लिये करता है तभी उसको पुण्य की प्राप्ति होती  है जैसे मशीनी जांच के बिना डॉक्टर आपकी बिमारी नहीं पकड़ सकता है।

चातुर्मास के मीडिया प्रभारी महेन्द्र कांठेड़ एवं नितिन बुडावनवाला ने बताया कि महावीर भवन में जप, तप, त्याग, तपस्या, ज्ञान, ध्यान, जाप प्रारम्भ हो चुके है। सोमवार को गुरूदेव के मुखारविंद से श्रीमती मधुबाला निर्मल चपलोत को 13 उपवास के पचकाण करवाये गये। नवकार महामंत्र के जाप का लाभ मनोहरलाल रविकुमार कांठेड़ ने अतिथि सत्कार का लाभ रजनेश कुमार मोहनलाल भटेवरा एवं करीब 51 पैसे दो उपवास के पारणे का लाभ श्री संघ अध्यक्ष प्रकाशचन्द्र जैन सांवेरवाला परिवार ने लिया चातुर्मास अध्यक्ष सुनीलकुमार वोरा ने आभार माना।



Nagda(mpnews24)।  सावन मास में भगवान महादेव के दर्शन निमित्त मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पधार रहे श्रद्धालुओं को नगर पालिका व भाजपा शासन-प्रशासन की अव्यवस्थाओं के कारण कीचड़, गंदगी से होकर भगवान के दर्शन करने को विवश होना पड़ रहा है। नवनिर्मित डोम के नीचे बनाए गए सीसी प्रांगण में बारिश के पानी का निकास नहीं होने व प्रांगण की ढाल सही नहीं होने के कारण मंदिर के समीप बारिश का पानी मिट्टी के सहित इकट्ठा है जिसके कारण श्रद्धालु कीचड़ से सने पांव के साथ मंदिर में जाने को मजबूर है।

उक्त आरोप जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सुबोध स्वामी ने लगाते हुए बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि मेले में नगर पालिका द्वारा मुक्तेश्वर महादेव मंदिर की सड़कों की घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर मरम्मत की जाती है तथा अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली जाती है। जिसके कारण कुछ ही समय में सड़क पुनः गड्डों में तब्दील हो जाती है।

श्रृद्धालुओं की परेशानी क्यों नजर नहीं आती सत्ताधारी नेताओं को
स्वामी ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को मुक्तेश्वर महादेव मंदिर की अव्यवस्था क्यों नहीं दिखती है समझ से परे ? जबकि भाजपा नेताओं के परिजन व भाजपा नेता सहित क्षेत्र के हजारों नागरिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन के लिए श्रावण मास में प्रतिदिन यहां आते हैं। नवनिर्मित डोम के नीचे जमा हो रहे बारिश का पानी नगर पालिका व भाजपा नेताओं द्वारा डोम व प्रांगण निर्माण में किए गए भ्रष्टाचार का स्पष्ट सबूत है। स्वामी ने कहा कि हिंदुत्व की दुहाई देने वाले धर्म के ठेकेदारों को मंदिर के सामने जमा हो रहे कीचड़ युक्त पानी और सीमेंट कांक्रीट प्रांगण में इकट्ठे हो रहे बारिश का पानी से निकलकर दर्शन करने जाते श्रद्धालुओं की परेशानियां क्यों नहीं नजर आती ?


नपा के संज्ञान में अव्यवस्थाऐं
स्वामी ने कहा कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से चामुंडा माता मंदिर की ओर जाने वाली सड़क गड्डे में तब्दील हो गई है मिट्टी के कटाव से हुए बड़े गड्डे में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है नगर पालिका अधिकारियों के संज्ञान में जानलेवा गड्डा होने के बावजूद भी इसे दुरुस्त नहीं किया जा रहा है।

स्वामी ने भाजपा नेताओं एवं शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पर हो रही अव्यवस्थाओं और कीचड़ की परेशानियों से नागरिकों को निजात नहीं दिलाएंगे तो जनहित में जन सहयोग से कीचड़ और गड्डों को भरने का काम कांग्रेस करेगी।

MKRdezign

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget