Latest Post

MP NEWS24- केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं देश की सर्वश्रेष्ठ संस्था के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित लायंस ऑफ़ नागदा की स्थाई परियोजना संस्था स्नेह के संयुक्त तत्वावधान में 3 दिवसीय क्षेत्रीय प्रदर्शनी कार्यक्रम कालिदास अकादमी उज्जैन में संपन्न हुआ।

स्नेह संस्थापक पंकज मारू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय नीधि योजना में दिव्यांगजनों की प्रतिभा को जन-जन तक पहुचाने के उद्देश्य से उज्जैन के कालिदास अकादमी में तीन दिवसीय क्षेत्रीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। प्रदर्शनी के माध्यम से मध्यप्रदेश प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात की 26 संस्थाओं ने शामिल होकर दिव्यांगजनों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रचार प्रसार एवं विक्रय किया। प्रदर्शनी का शुभारंभ लायंस इंटरनेशनल प्रान्त 3233-जी2 के उप प्रांतपाल प्रथम लायन अजय गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग उज्जैन के कार्यक्रम के संयुक्त संचालक साबिर एहमद सिद्दकी, सीआरसी भोपाल के कुसुम कुमार वर्मा, लायन संजय सक्सेना एवं शैलेश सोनी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन कर दिव्यांगों द्वारा तैयार उत्पादों को अधिक मात्रा में क्रय करने का आह्वान किया। प्रदर्शनी के दूसरे दिन उज्जैन के सेवाधाम आश्रम, मनोविकास विशेष विद्यालय, प्रेमसागर स्पेशल स्कूल, स्नेह नागदा एवं शासकीय श्रवण एवं दृष्टि विद्यालय मालनवासा के दिव्यांग बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटौरी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति में शामिल सभी बच्चों को स्नेह के मारू द्वारा समूह प्रस्तुति के लिए 2100 रुपये, एकल प्रस्तुति के लिए 500 रुपये, प्रयास स्पेशल स्कूल राजकोट की पूजा पटेल द्वारा 1100 रुपये, राजरानी सेवा शिक्षा प्रशिक्षण केंद्र रीवा के संजय सिंह द्वारा 1100 रुपये, डॉ एनिबिसेन्ट स्पेशल स्कूल की आरती दत्ता द्वारा 500 रुपये के नकद पुरस्कार से बच्चों को पुरस्कृत किया गया। क्षेत्रीय प्रदर्शनी कार्यक्रम में स्नेह के पंकज मारू द्वारा केबीसी के तर्ज पर तैयार इन्क्लुसिव  इंडिया ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता को भी कॉलेज के बच्चों एवं आम जनता द्वारा खूब पसंद किया गया। तीन दिवसीय क्षेत्रीय प्रदर्शनी में शामिल सभी संस्था प्रतिनिधियों को प्रदर्शनी के समापन अवसर पर प्रमाणपत्र भेंट कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में स्नेह के परियोजना अधिकारी विप्लव चौहान, विशेष शिक्षक चंदनसिंह, कार्यालय सहायक गौरव नागर, वोकेशनल के दिनेश दासलनिया का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार स्नेह के उपनिदेशक महेशचंद्र राठौड़ ने किया।

MP NEWS24- बजरंग दल के जिला प्रचार प्रमुख राकु चौधरी हत्याकाण्ड के मुख्य आरोपी आर्यन आर्य की जमानत अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय से खारिज हो गई है। वहीं मामले में पुलिस चालान भी न्यायालय में प्रस्तुत करने जा रही है। ऐसे में एफआईआर में नामजद अन्य आरोपीयों की गिरफ्तारी होती है या नहीं इस पर हिन्दु संगठनों की निगाह लगी हुई है।

गौरतलब है कि बजरंग दल के जिला प्रचार प्रमुख राकु चौधरी की हत्या के चार दिन पूर्व ही उनके नेतृत्व में भव्य हिन्दु शौर्य संचलन का आयोजन किया गया तथा जिसमें हजारों की संख्या में युवाओं का संचलन संपूर्ण नगर में निकाला गया गया था। आयोजन के बाद चौधरी का कद भी संगठन में काफी बढा था। 29 दिसम्बर को अचानक उनके कार्यालय पर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें उनके भाई की रिर्पोट पर पुलिस द्वारा कांग्रेस नेता कमल आर्य, उनके भाई यशवंत आर्य, भतीजे आर्यन आर्य, विजय पटेल एवं गोली मारने वाले तरूण शर्मा के विरूद्ध हत्या एवं षडयंत्र के मामले में अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के बाद आर्यन के सगे भाई एवं एक अन्य युवक को का नाम भी अपराध में शामिल किया गया है।
हत्याकाण्ड के आरोपी की जमानत खारिज
पुलिस विवेचना में बजरंग दल के जिला प्रचार प्रमुख की हत्या में मुख्य षडयंत्रकारी के रूप में आर्यन आर्य का नाम सामने आया था तथा आरोपीयों से पुलिस द्वारा की गई पुछताछ के बाद आर्यन के छोटे भाई को भी हत्याकाण्ड में आरोपी बनाया गया था। आर्यन के छोटे भाई की नाबालिक होने के कारण पूर्व में ही जमानत हो चुकी है। वहीं न्यायालय ने आर्यन के जमानत के आवेदन को खारिज कर दिया है। चर्चा इस बात की जोरों पर है कि राजनीतिक दबाव में पुलिस जांच में राकु चौधरी के भाई द्वारा दर्ज करवाऐ गए नामजद आरोपी कमल, यशवंत, विजय को एफआईआर से बाहर किया जा सकता है। हिन्दु संगठनों एवं राकु के परिवारजनों द्वारा इसका पुरजोर विरोध किया जा रहा है। गत दिनों उज्जैन में प्रेसवार्ता के माध्यम से हिन्दु संगठनों के आगेवानों एवं राकु चौधरी के भाई ने मिडिया के सम्मुख सभी को आरोपीयों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी, क्योंकि राकु का आर्य परिवार से मंदिर की भूमि को लेकर लम्बे समय से विवाद चला आ रहा था वहीं पुलिस थ्योरी जो सुनने में आई कि अन्य आरोपीयों की कोई कॉल डिटेल नहीं है, जबकि षडयंत्रकर्ता के परिवार के दो सदस्य हत्याकाण्ड में आरोपी हैं तथा उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है। जब दो परिवार के सदस्य षडयंत्र में शामिल हैं तो अन्य परिजन शामिल कैसे नहीं हो सकते है ? नामजद आरोपीयों को गिरफ्तार नहीं होने पर हिन्दु संगठनों ने संपूर्ण जिले में आंदोलन किए जाने की चेतावनी भी दे रखी है।
32 हिन्दुवादी कार्यकर्ताओं पर बनाऐ प्रकरण
बजरंग दल नेता राकु चौधरी की हत्या के बाद शहर में उत्पन्न स्थिति को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा 32 हिन्दुवादी कार्यकर्ताओं पर अपराधिक प्रकरण दर्ज किये है। जिसको लेकर भी हिन्दुवादी संगठनों में काफी आक्रोश है। पूर्व में भी हिन्दु जागरण मंच के प्रांतीय उपाध्यक्ष भैरूलाल टाक के परिजनों एवं सैकडों कार्यकर्ताओं पर झुठे प्रकरण प्रशासन द्वारा दर्ज कर लिए गए थे। भाजपा शासन में हिन्दु समाज के व्यक्तियों के विरूद्ध लगातार हो रही झुठी कार्रवाईयों को लेकर हिन्दु समाज में आक्रोश व्याप्त है। न्याय करने का कार्य न्यायालय का है परन्तु हिन्दु संगठनों का कहना है कि पुलिस अधिकारी स्वयं न्यायालय का कार्य करने लग गए हैं।

MP NEWS24-किसानों द्वारा जिला सहकारी व अन्य बैंको से लिए गए कर्ज के भुगतान की तारीख 28 मार्च से बढाकर 31 मई करने की मांग विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की है।

श्री गुर्जर ने मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि किसानों द्वारा अपनी उपज एवं अन्य खर्चें हेतू जिला सहकारी बैंकों एवं अन्य बैंकों से कर्ज लिया था जिसके भुगतान की शासन द्वारा अंतिम तारीख 28 मार्च निर्धारित की गई है यदि किसानों द्वारा उक्त दिनांक तक अपनी बकाया राशि जमा नहीं करवाई जाती है तो शासन द्वारा उस पर सम्पूर्ण ऋण अवधि का ब्याज लगाया जाएगा, जबकि किसान रबी फसल बेचकर ही बैंकों का कर्ज जमा कराता है किसानों को बैंको द्वारा बकाया राशि जमा करने के मैसेज आ रहे है जबकि अभी गेहूॅं की फसल खेतों में ही है।
श्री गुर्जर ने अवगत कराया कि वर्तमान समय में क्षेत्र में हुई असमय बारिश से अधिकांश गांवों की फसल पूर्ण रूप से तैयार नहीं हो पाई है एवं शासन द्वारा भी गेहूॅं की खरीदी 28 मार्च से प्रारंभ करने की घोषणा की गई है एवं उपज बिकने के उपरांत उसका भुगतान होने में भी कम से कम 10 से 15 दिनों का समय लगेगा जिसके कारण किसान बैंकों से लिए गए ऋण को 28 मार्च तक किसी भी हालत में जमा करने की स्थिति में नहीं है।
श्री गुर्जर ने बताया कि किसानों द्वारा मजबुरी में 28 मार्च के पूर्व भुगतान करने के लिए अन्य जगह सहुकार आदि से ब्याज से पैसा लेकर बैंकों का ऋण चुकाने के लिए मजबुर होना पड रहा है जिससे उनको दोहरी मार झेलना पड रही है। इतना ही नहीं अभी कई किसानों को बीमा की राशि खाता नम्बर गलत होने से या किसान के मृत्यु हो जाने के कारण उनकी बीमा राशि भी अभी तक प्राप्त नहीं हो सकी है।
किसानों को उक्त समस्याओं को देखते हुए विधायक गुर्जर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बैंकों के ऋण के भुगतान की अवधि 28 मार्च से बढाकर 31 मई करने के निर्देश किसानहित में शीघ्र अतिशीघ्र जारी किए जाए जिससे अतिवर्षा, ओलावृष्टि की मार झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।

MP NEWS24- शीतला सप्तमी पर्व पर  शीतला माता मंदिरों पर महिलाओं की भारी भीड उमडी। बुधवार रात 12 बजे से ही मंदिरों पर कतार लगना प्रारंभ हो गई थी, यह सिलसिला  सुबह 11 बजे तक चला। मान्यता है कि यह पर्व ठंडाई के लिए मनाया जाता है इसलिए इस दिन घरों में गर्म भोजन नहीं बनता है और तेज धुप निकलने के पूर्व ही महिलाऐं पूजन कर लेती हैं। इसलिए रात 12 बजे से ही माताजी के मंदिरों पर लाईन लग जाती है। शहर में दशहरा मैदान स्थित शीतला माता मंदिर, पाडल्या रोड इन्द्राचौक स्थित मंदिर, पुराने बस स्टेण्ड, चंबल मार्ग आदि स्थानों पर स्थित मंदिरों पर पूजन अर्चन हुआ। यह पर्व होली के सात दिन बाद मनाया जाता है।

सप्तमी का व्रत रखने वाली महिलाओं ने मंदिरों में माता को प्रसादी का भोग लगा  पूरा दिन व्रत करने वाली महिलाओं के घरों में चूल्हा नहीं जलेगा। इस दिन परिवार के लोग ठंडा भोजन ग्रहण करेंगे। यह व्रत गर्मी की शुरुआत का पहला ऐसा त्यौहार होता है जिसके बाद से ठंडा खाना प्रचलित हो जाता है। घरों में महिलाएं तरह-तरह के व्यंजन बनाकर शीतला सप्तमी पर मां शीतला को अर्पण कर पूजा-अर्चना करती हैं। महिलाएं लाइन लगाकर मां शीतला के पूजन करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आई। शहर के दशहरा मैदान स्थित शीतला माता मंदिर, पुराने बस स्टैंड स्थित शीतला माता मंदिर, बिरलाग्राम स्थित बड़े गणेश मंदिर पर पूजन के लिए महिलाओं की भीड़ देखी गई। पर्व की कड़ी में आगामी रविवार को दशा माता का पूजन किया जाएगा। मान्यता है कि इस दिन घर की साफ सफाई कर व्रत करने वाली महिलाएं पीपल के वृक्ष की पूजन करती है। घर की दशा सुधारने के लिए यह पूजन किया जाता है। जिसके बाद दशा माता की कथा सुनी जाती है।
नहीं हुआ शांति समिति की बैठक में लिए निर्णय का पालन
होली पर्व के पूर्व प्रशासन ने मण्डी पुलिस थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में कई सदस्यों ने यह मांग की थी कि शीतला सप्तमी के दिन महिलाओं की रात से मंदिरों के बाहर भीड लग जाती है। ऐसे में कई मंदिरों पर मवेशी महिलाओं को परेशान करते हैं। चुंकि महिलाओं के हाथ में पूजन की थाली रहती है जिसमें सामग्री रहती है, उसको खाने के लिए मवेशी महिलाओं के पीछे आते हैं, जिससे कई बार भगदड की स्थिति निर्मित हो जाती है। दशहरा मैदान स्थित मंदिर पर सुबह 6 बजे इस तरह का मामला देखा गया। एसडीएम आशुतोष गोस्वामी ने भी सुबह 7 बजे जब शहर का निरीक्षण किया तो उन्होंने स्वयं देखा कि कई मवेशी महिलाओं को परेशान कर रहे हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा नपा अधिकारी को फटकार लगाते हुए प्रत्येक मंदिर पर नपा कर्मचारी तैनात करवाऐ।

MP NEWS24-लायन्स क्लब नागदा के सदस्य, समाजसेवी व युवा प्रतिष्ठित व्यापारी अजय मरमट उम्र 36 वर्ष का बुधवार रात को आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि मरमट को बुधवार की दोपहर में दिल का दौरा पडा था, उनको शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया था, लेकिन उज्जैन के पूर्व ही रात 10 बजे अजय ने दम तोड दिया। गुरूवार सुबह चंबल तट पर अजय का अंतिम संस्कार किया गया। गौरतलब है कि दिवंगत अजय समाजसेवा में हमेशा अग्रणी रहते थे। उनके द्वारा प्रतिवर्ष शहर में निःशुल्क आरोपानी वितरित किया जाता था। स्वयं ने अपने खर्च से एक आरओ प्लांट भी लगाया था। इसके अलावा उनके मोहल्ले चेतनपुरा में लाखों की लागत से एक मंदिर का निर्माण भी करवाया था। अजय द्वारा प्रतिमाह लायन्स क्लब के माध्यम से नेत्र परीक्षण शिविर भी लगवाया जाता है। 10 दिन पूर्व ही अजय ने अपने पिता की स्मृति में 13 मार्च को शिविर लगवाया था। अजय की अंतिम यात्रा में लायन्स क्लब अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र राठौड, व्हीप नेता अजय जाटवा, पूर्व पार्षद विजय पोरवाल, जीवनसिंह डोडिया, मनोहर अखण्ड सहित बडी संख्या में गणमान्यजन मौजुद थे। दिवंगत अजय के दो छोटे-छोटे बेटे हैं।

MP NEWS24-शहीद बादलसिंह चन्देल के नाम से एप्रोच रोड़ का नामकरण किया जाना चाहिये इसके लिये अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा. भेरूसिंह चौहान के नेतृत्व में एक ज्ञापन श्रीमान् अनुविभागीय अधिकारी नागदा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका नागदा को दिया गया।


ज्ञापन में बताया गया कि बादलसिंह चन्देल नागदा के गौरव होकर भारतीय सेना में पदस्थ रहे और आज ही के दिन 24 मार्च 21 को अपने कर्त्तव्यो का पालन करते हुए शहीद हो गये थे। उनके बलिदार को याद करते हुए एवं उनकी शहादत को स्थायित्प प्रदान करने हेतु एप्रोच रोड का नामकरण शहीद बादलसिंह चंदेल के नाम पर नामांकित किया जावे। यही शहीद चन्देल के लिये सच्ची श्रद्धांजली होगी।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा. भेरूसिंह चौहान, जिला अध्यक्ष जीवनसिंह तंवर लेकोडिया, प्रदेश संगठन मंत्री यशपालसिंह सिसौदिया, नगर अध्यक्ष बजरंगसिंह चौहान, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्रसिंह चौहान एडवोकेट, जिला महामंत्री गजराजसिंह पंवार, जिला संगठन मंत्री धर्मेन्द्रसिंह डोडिया, भवानीसिंह देवड़ा, परवेज अजीत खान, भावेशसिंह चौहान सहित अ.भा क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।

MP NEWS24- हिन्दु नववर्ष गुडी पडवा की पूर्व संध्या पर 1 अप्रैल को शहर में आयोजित होने वाली राम रथ यात्रा को लेकर हिन्द सांस्कृतिक मंच द्वारा भव्य स्तर पर तैयारियॉं की जा रही है। गौरतलब है  िकइस यात्रा में शिव पुराण वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा भी शामिल होंगे। जिसको लेकर बडे स्तर पर आयोजिन होगा। आयोजन को लेकर प्रतिदिन गांव व शहर के वार्डो में बैठकें आयोजित कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रूररेखा बनाई जा रही है।

गुरूवार को आयोजन को लेकर मंच संयोजक व पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने प्रेस वार्ता आयोजित की। श्री शेखावत ने बताया कि यात्रा को लेकर शहर में लगभग 20 हजार भगवा ध्वज लगाऐ जाऐंगे। 29 मार्च को शहर के 35 वार्ड, खाचरौद के 21 व लगभग 150 गांव के हनुमान मंदिरों में महाआरती आयोजित की जाऐगी। 30 अप्रैल को नगर में नागदा व खाचरौद नगर तथा जनपद स्तर पर वाहन रैली नकाली जाऐगी।
राम रथ यात्रा शाम 4 बजे दशहरा मैदान से प्रारंभ होगी जो महात्मा गांधी मार्ग, कन्याशाला चौराहा, जवाहर मार्ग, पुराना बस स्टेण्ड, शेषशायी कॉलेज, एप्रोच रौड, न्यू ओव्हर ब्रिज होती हुई ग्रेसिम खेल परिसर पहुॅचेगी। यात्रा में लगभग 1 लाख से अधिक श्रृद्धालुओं के आने का अनुमान है। जिसको लेकर शहर में आधा दर्जन स्थानों पर वाहन पार्कींग लगाई गई है। बिरलाग्राम क्षेत्र में ग्रेसिम हवाई पट्टी, बीसीआई स्कूल, गर्वमेंट कॉलोनी स्थित बीसीआई क्लब, चंबल तट स्थित मेला प्रांगण, नरेन्द्र मोदी खेल प्रशाल व बायपास स्थित सूर्य महल के सामने वाले मैदान में भी पार्कींग की व्यवस्था की जाऐगी।
सवा लाख दीपों से आरती होगी
नगर भ्रमण के बाद रथ यात्रा ग्रेसिम खेल परिसर पहुॅंचेगी यहॉं पर लगभग शाम 7 बजे सवा लाख दीपकों से आरती की जाऐगी। आयोजनकर्ताओं ने सभी श्रृद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने साथ एक-एक दीपक व थाली लेकर आऐं। इसके अलावा एक दीपक आयोजनकर्ताओं द्वारा दिया जाऐगा।
प्रेस वार्ता में मंच अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद विजय पोरवाल व मण्डल उपाध्यक्ष मोतीलाल प्रजापत पभी मौजुद थे।

MKRdezign

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget