नागदा जं.--नागदा नगर पालिका में फिर भाजपा ने लहराया परचम, कांग्रेस ने जीते 13 पार्षद भाजपा 22, कांग्रेस 13 एवं एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार की हुई जीत

MP NEWS24-बुधवार को नगर पालिका परिषद के घोषित परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने परिषद में एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। भाजपा के जहॉं 22 पार्षद विजयश्री का वरण करने में सफल रहे वहीं कांग्रेस 13 पार्षद ही जीत सके। ऐसे में बहुमत का आंकडा भाजपा के पक्ष में रहा तथा भाजपा एक बार फिर नगर पालिका में बोर्ड बनाने में सफल रही है। जहॉं पुरे शहर में कांग्रेस के बहुमत में आने की संभावना व्यक्त की जा रही थी, लेकिन कांग्रेस के बागीयों ने पुरा गणित बिगाड दिया। कांग्रेस के दिग्गज नेता जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुबोध स्वामी मात्र 1 वोट से चुनाव हार गए। श्री स्वामी की हार की चर्चा पुरे नगर में रही। किराना व्यापारी संघ के संरक्षक एवं वरिष्ठ व्यापारी मनोज राठी ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लडा लेकिन वह भी सफल नहीं हो सके, श्री राठी भाजपा के गढ माने जाने वाले वार्ड क्र. 12 में पिछले चुनावों के मुकाबले हार के अंतर को कम करने में तो सफल रहे बावजुद इसके वह 74 वोट से चुनाव हार गए। भाजपा की बात करें तो यहॉं वार्ड क्र. 22 से चुनाव जीते प्रकाश जैन ने उनके वार्ड में अन्य दलों व निर्दलीयों के रूप में किस्मत आजमाने वाले शेष सभी प्रत्याशीयों की जमानत जप्त करवा दी। नगर पालिका चुनाव में श्री स्वामी की एक वोट से हार तथा श्री जैन का सामने खडे सभी प्रत्याशीयों की जमानत जप्त करा कर जीतना इतिहास के रूप में दर्ज होगा। भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लडे बद्रीलाल सेठिया को मात्र 1 वोट मिला।

कांग्रेस नेता स्वामी की हार की चर्चा रही हर नागरिक की जुबां पर
नागदा नगर पालिका के चुनाव को लेकर कांग्रेस की परिषद बनने के कयास राजनीतिक कार्यकर्ताओं ही नहीं अपितु नागरिकों द्वारा भी लगाए जा रहे थे, लेकिन 13 जुलाई को हुए मतदान के बाद, छाई चुप्पी ने सभी संभावनाओं पर विराम लगाने का कार्य किया। बुधवार को मतगणना के बाद भाजपा की प्रचण्ड जीत से जहॉं भाजपाई खेमे में हर्ष एवं उल्लास का वातावरण छाया रहा, वहीं अप्रत्याशीत रूप से पिछडे कांग्रेस खेमे में अब मंथन का दौर चल रहा है। कांग्रेस के सशक्त उम्मीदवार सुबोध स्वामी का मात्र 1 वोट से हार जाना भी वार्ड क्र. 19 ही नहीं अपितु पुरे नगर के लिए दुर्भाग्य के रूप में देखा जा रहा है। पूर्व पार्षद श्री स्वामी का नाम जनता के हितों को लेकर आवाज उठाने में जहॉं प्रमुख रूप से लिया जाता है वहीं कांग्रेस के इस सशक्त उम्मीदवार का नगर पालिका में नहीं पहुॅंचना अब विपक्ष के लिए कमजोर साबित होगा।
अनुमान के विपरित मात्र एक निर्दलीय जीत सका चुनाव
पूर्व पार्षद फिरोज आजम के पुत्र सोहेल आजम ने वार्ड क्र. 11 में भाजपा एवं कांग्रेस को पटकनी देते हुए निर्दलीय चुनाव जीत लिया। सोहेल ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदीयों को हरा कर 224 मतों के बडे अंतर से जीत हांसिल की। यहॉं निर्दलीय उम्मीदवार आजम को 676 मत प्राप्त हुए वहीं भाजपा के योगेश जोनवाल को 455 व कांग्रेस के विजय मीणा को 213 मत हांसिल हुए।
दोनों प्रमुख दलों में बडे अंतरों से जीते उम्मीदवार
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्राप्त आंकडों के मुताबिक 500 से अधिक मतों से जीतने वाले उम्मीदवारों की सूची में जहॉं भाजपा के सुमीत यादव 891, प्रकाश जैन 769, संतोषबाई 614, बबीता रघुवंशी 608 तथा गौरव यादव 578 मतों से जीते वहीं कांग्रेस के कौशल्यादेवी रघुनाथसिंह 719, माधुरी धवन 626, प्रमोदसिंह चौहान 542 मतों से जीते।
प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक चौबंद
मतगणना के दौरान सुरक्षा प्रबंध एवं प्रशासनिक व्यवस्था पुरी तरह चाक चौबंद रही। जिले से आऐ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यहॉं अनुभाग के अधिकारियों ने सारी व्यवस्थाओं को बखुबी संभाल रखा था। मतों की गिनती के दौरान कहीं कोई अव्यवस्था होने की जानकारी नहीं मिली। वहीं सुरक्षा के प्रबंध भी तगडे रहने के कारण किसी तरह के विवाद की खबर प्राप्त नहीं हुई है। निर्वाचन के पश्चात प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डो में शांतिपूर्ण तरीके से आभार जुलुस निकाले। एडीएम संतोष टैगोर, निर्वाचन अधिकारी एसडीएम आशुतोष गोस्वामी, तहसीलदार आशीष खरे, एसडीओपी , थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा, बिरलाग्राम प्रभारी करणसिंह पाल, मुनपा अधिकारी सीएस जाट एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी पुरी तरह मुस्तैद दिखाई दिए। परिणामों की घोषणा के बाद सभी निर्वाचित पार्षदों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
बॉक्स
प्रशासन के दुरूपयोग के साथ पैसे, शराब आदि बांटने के आरोप लगे भाजपा पर
नगर पालिका चुनाव में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने कहा कि जनता का निर्णय स्वीकार है नागदा नगर पालिका में भाजपा की जीत का कारण पैसे, शराब, प्रशासन का दुरूप्रयोग, वोटर लिस्ट में नामों की गडबडियां तथा निर्दलीय कांग्रेसी उम्मीदवार है। चार सीटे कांग्रेस 100 वोट के अंदर ही हारी है इन सबके बावजुद भी कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी पुरी ताकत के साथ मैदान में डटे रहे तथा कांग्रेस को जिताने का पुरा प्रयास किया इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र की जनता तथा जिन्होंने प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग किया उनके प्रति कांग्रेस पार्टी की ओर से आभार व्यक्त करता हुं।

Post a Comment

[blogger]

MKRdezign

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget